चैत्र के पहले दिन ही तापमान में आई बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में और बढ़ेगा
चैत्र महीने के पहले दिन ही गर्मी तेवर दिखाने लगी है। राजधानी समेत पूरे मध्यप्रदेश में दिन का पारा अचानक बढ़ गया। दो दिन में ही दिन और रात का पारा सामान्य से अधिक हो गया। इसी का असर है, दो दिन पहले जहां रात में ठंडक हो गई थी, वहीं अब गर्मी ने परेशान कर दिया है।
हालांकि मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन में रात का पारा और बढ़ने की उम्मीद जताई है। विभाग की मानें तो अगले एक सप्ताह तक गर्मी से राहत की उम्मीद कम ही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में छतरपुर, सागर, दमोह, होशंगाबाद और दतिया में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।
होशंगाबाद में 41 के पर पहुंचा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार होशंगाबाद प्रदेश में सबसे ज्यादा तप रहा है। यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा पहुंच गया है। यह प्रदेश में सबसे ज्यादा है। जबलपुर और इंदौर संभागों में तापमान सामान्य जबकि सागर, उज्जैन और ग्वालियर में तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। मंडला और रायसेन में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस सबसे कम रहा। हालांकि अब आगामी 24 घंटे में यह और बढ़ेगा।
भोपाल में 40 तक पहुंचेगा तापमान
अगले 24 घंटों में राजधानी में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। दिन के साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। रात में अब 20 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंच जाएगा। यह अब तक का सबसे ज्यादा होगा। अभी तक रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस से कम ही रहा है।